Monsoon Update 2024: भीषण गर्मी से जल्‍द मिल सकती है राहत? जाने उत्तर भारत के राज्यों में कब आ रहा मानसून
Monsoon Update 2024

दिल्ली।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में लोग लू और चिलचिलाती गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 16 जून तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और झारखंड के कुछ हिस्सों में हीटवेव की संभावना जताई है। दिल्ली में 18 जून तक लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, देश के कई राज्यों में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है।

यूपी में 20 जून तक मानसून आने की संभावना

बंगाल की खाड़ी से आने वाला मानसून अभी पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर के आसपास ठहरा हुआ है। वहीं, अरब सागर से आने वाला मानसून पूरे दक्षिण भारत में फैल चुका है और महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंच गया है। ऐसे में अनुमान है कि यह 20 से 25 जून तक उत्तर प्रदेश में पहुंच जाएगा।


बारिश के लिए तरस रहे बिहार के लोग

बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोगों को उम्मीद थी कि राज्य में समय पर मानसून आ जाएगा, लेकिन बंगाल की खाड़ी की शाखा लगातार दूसरे साल कमजोर है। नतीजतन, इन राज्यों में मानसून अभी तक नहीं पहुंचा है। बता दें कि भारत में मानसून की दो शाखाएं हैं: एक बंगाल की खाड़ी शाखा और दूसरी अरब सागर शाखा। अरब सागर की शाखा मजबूती से गुजरात की ओर बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के बिहार और झारखंड में 16-18 जून तक, उत्तर प्रदेश में 20-30 जून तक और दिल्ली में 27 जून के आसपास पहुंचने की संभावना है।

दिल्ली में कब होगी मानसून की एंट्री?

दिल्ली-एनसीआर में 29 जून के बाद मानसून आने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने बुधवार को दिल्ली के लिए अगले सात दिनों तक हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में भी 27-29 जून के बीच मानसून आने की संभावना जताई गई है।


राजस्थान और उत्तराखंड में कब तक आएगा मानसून

बात करें पश्चिमी भारत की तो राजस्थान और उत्तराखंड में 25 जून के बाद ही मानसून आने की उम्मीद है। वहीं, कश्मीर में मानसून की बारिश भी 25 जून के बाद ही होने की उम्मीद है।

अन्य खबरे