राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा वार: संविधान के मूल ढांचे को कमजोर करने में लगी मोदी सरकार?
राहुल गांधी का भाजपा पर तीखा वार

हरियाणा के असंध में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की भाजपा सरकार पर बेरोजगारी और युवाओं के विदेश पलायन को लेकर हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है, जिससे मजबूर होकर वे विदेशों का रुख कर रहे हैं।

भाजपा पर लगाया संविधान मिटाने का आरोप

राहुल गांधी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह खुलकर नहीं कहती, लेकिन धीरे-धीरे संविधान के मूल ढांचे को कमजोर करने का काम कर रही है। साथ ही, उन्होंने एथलेटिक्स और खिलाड़ियों के साथ हो रहे अन्याय को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

संस्थाओं पर भाजपा का कब्जा

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग, नौकरशाही और मीडिया पर भाजपा के नियंत्रण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये संस्थाएं अब भाजपा के प्रभाव में आ चुकी हैं और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने इन संस्थाओं को आरएसएस के हवाले कर दिया है, जहां दलित, ओबीसी और आदिवासियों के लिए कोई जगह नहीं है।

किसानों से किए गए झूठे वादे?

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किसानों की आय दोगुनी करने के झूठे वादे का आरोप लगाया और कहा कि इसके बजाय काले कृषि कानून लाए गए थे, जिन्हें भारी विरोध के बाद वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल अदानी और अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है, जबकि आम किसानों और छोटे व्यापारियों को नजरअंदाज कर रही है।

जातिगत जनगणना की मांग

राहुल गांधी ने जातिगत जनगणना की मांग करते हुए कहा कि इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि देश की 90% आबादी के पास कुछ भी नहीं है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह इस जनगणना को कराने के पक्ष में नहीं है क्योंकि इससे सच्चाई सामने आ जाएगी और समाज के हाशिये पर रहने वाले वर्गों को अधिकार मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

भाजपा सिर्फ बड़े उद्योगपतियों का लेती है पक्ष?

राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर केवल बड़े उद्योगपतियों का पक्ष लेने का आरोप लगाया और कहा कि देश के बड़े उद्योगों और कंपनियों में दलितों और ओबीसी का प्रतिनिधित्व न के बराबर है। उन्होंने बताया कि सरकार के 90 सचिवों में से केवल तीन दलित और तीन ओबीसी हैं, जो कि सामाजिक असमानता को दर्शाता है।

हरियाणा के किसान कर्जे मे डूब है?

राहुल गांधी ने हरियाणा के किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा है और वे लगातार कर्जदार होते जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों का कर्ज माफ न करने और चंद बड़े उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस की सात गारंटियां

राहुल गांधी ने कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य के लिए सात गारंटियों का ऐलान किया। इनमें महिलाओं को 2000 रुपये प्रति माह की सम्मान राशि, 500 रुपये में रसोई गैस सिलिंडर, गरीबों के लिए 100 गज के प्लॉट और दो कमरों का मकान, 2 लाख पक्की नौकरियां, वृद्धावस्था पेंशन, पुरानी पेंशन योजना और एमएसपी की कानूनी गारंटी शामिल हैं।

कांग्रेस का हरियाणा में सरकार बनाने का दावा

राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस हरियाणा में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी और एक ऐसी शासन व्यवस्था लाएगी जिसमें बेरोजगारों, किसानों और खिलाड़ियों के आंसू नहीं बहेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में सभी वर्गों के हित में काम किया जाएगा।

अन्य खबरे