उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, दिल्ली-यूपी,हरियाणा और राजस्थान सहित इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट : आईएमडी
उत्तर भारत में बदलेगा मौसम, दिल्ली-यूपी,हरियाणा और राजस्थान सहित इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट 

सार:

आईएमडी ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी तूफान का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने 30 से 31 मार्च के दौरान पंजाब हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि की उम्मीद जताई है। इसके अलावा राजस्थान,उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।

विस्तृत खबर:

गर्मी ने उत्तर भारत के राज्यों में दस्तक दे दी है। हालांकि, शुक्रवार को हुई वर्षा से मौसम गुलजार हुआ है। इस दौरान मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत में 30 से 31 मार्च तक गरज के साथ बारिश और हिमालय क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। 

आइए जानते हैं कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर का मौसम

मौसम विभाग ने दिल्ली में आज हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। आईएमडी का अनुमान है कि शुक्रवार की तरह आज भी तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही आज पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी देखने को मिल सकता है।

उत्तराखंड में आईएमडी का अलर्ट

मौसम ने उत्तराखंड में भी करवट बदली है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार, देहरादून, गढ़वाल, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि की उम्मीद जताई गई है।

यूपी से पंजाब तक बरसेंगे बादल

आईएमडी ने 30 से 31 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में ओलावृष्टि की उम्मीद जताई है। इसके अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने आज पूर्वोत्तर राज्यों मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में वर्षा की संभावना जताई है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश/बर्फबारी होने के आसार हैं। साथ ही 30 मार्च से 1 अप्रैल के दौरान असम और मेघालय में छिटपुट बारिश की उम्मीद है। इसके अलावा नगालैंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

पहाड़ी क्षेत्रों पर बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने आज पहाड़ी क्षेत्रों जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आंधी के साथ बिजली गिरने की उम्मीद जताई है। इसके साथ ही आईएमडी ने भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है।

अन्य खबरे