यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का द्वितीय संस्करण: इस बार वियतनाम की संस्कृति से लेकर... सीएम योगी की मौजूदगी में उपराष्ट्रपति जगदीप धनकड़ करेंगे शुभारंभ?
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का द्वितीय संस्करण

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण का आगाज आज यानि बुधवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुरू हो जाएगा। 5 दिवसीय इस ट्रेड शो का शुभारंभ देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा दोपहर करीब 12 बजे किया जाएगा। 

कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने मार्ट पहुंचकर लिया मेले की तैयारी का जायजा:

दरअसल बीते मंगलवार को प्रदेश सरकार में एमएसएमई, खादी, ग्रामोद्योग तथा कपड़ा मंत्रालय में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान के द्वारा मार्ट पहुंचकर मेले की तैयारी का जायजा लिया गया। जहां उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा ट्रेड शो को हर सितंबर माह में करने का निर्देश दिया गया है। 

अब मुख्यमंत्री योगी प्रदेश के सभी मंडलों में इस प्रकार के ट्रेड शो आयोजन करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। इससे प्रदेश के छोटे उद्यमियों को भी वैश्विक बाजार मिल सकेगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य हैं जहां पर खुद का अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो होता है।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को पूरा करने में देगा यह अहम योगदान:

उन्होंने बताया कि यह ट्रेड शो प्रदेश की 1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को पूरा करने में भी अहम योगदान देगा। पिछले साल ट्रेड शो में 6 हजार करोड़ रूपए का व्यापार हुआ था। इस वर्ष भी यहां 80 से अधिक देशों के करीब 500 से अधिक विदेशी निवेशक भी शामिल होगें। 

वहीं देश प्रदेश की पारंपरिक कारीगरी सहित विभिन्न विभागों के द्वारा करीब 2500 से भी अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। जिससे एक जिला एक उत्पाद को भी एक बड़ा मंच मिलेगा।

साढ़े 10 बजे के करीब ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी:

आपको बता दें कि मुख्यमंत्री योगी बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) पहुंचेंगे। यहां पर विश्राम करने के पश्चात सुबह 11:30 बजे इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंच जायेंगे। 

इसके साथ ही करीब 11:40 पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनकड़ भी एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे। तत्पश्चात दोपहर 12 बजे से ट्रेड शो का शुभारंभ किया जाएगा।

ट्रेड शो में दिखेगी वियतनाम की संस्कृति:

दरअसल इस बार ट्रेड शो का भागीदार देश वियतनाम हैं। ऐसे में सभी दर्शकों को वियतनाम की संस्कृति तथा खानपान के साथ ही व्यापारियों एवं उद्यमियों को वियतनाम के व्यापारियों के साथ भी रूबरू होने का मौका मिलेगा। वहीं ट्रेड शो में अब तक डेढ़ लाख से अधिक लोग अपना पंजीकरण करा चुके हैं।

यहां पर ODOP, खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास तथा संस्कृति एवं सूचना विभाग के द्वारा विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी अपनी उपलब्धियों को भी दिखाया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्टार्ट अप, ई-कामर्स तथा निर्यातक आदि सभी विषयों पर तकनीकी सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा।

जाने-माने गायक भी देंगे अपनी प्रस्तुति:

ट्रेड शो में 5 दिन तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रहेगी। हर दिन शाम 4 बजे से लेकर रात के 9 बजे तक कई प्रकार के कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें क्लासिकल डांस तथा संगीत के अलावा बालीवुड के बड़े संगीतकार सहित अन्य कलाकार भी शिरकत करेंगे। 

आपको बता दें कि इसमें गायक अंकित तिवारी, गायिका कनिका कपूर, गायिका माधवी मधुकर तथा यूफोरिया ग्रुप भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इनके अतिरिक्त वियतनाम के कलाकार भी अपनी संस्कृति प्रस्तुति लोक गायन कार्यक्रम को प्रस्तुत करेंगे।

कब होगी किसकी प्रस्तुति:

26 सितंबर को कनिका कपूर अपना सुगम कार्यक्रम पेश करेंगी।
27 सितंबर की शाम को बृज के लोक गायन की प्रस्तुति की जायेगी।
28 सितंबर को शाम साढ़े 4 बजे से संस्कार गीत गायन, कत्थक तथा कृष्णा भक्ति गायन का आयोजन किया जाएगा।
29 तारीख़ को भी साढ़े 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी शुरु होंगे। जिसमें बुंदेली लोकगायन तथा नृत्य नाटिका के आयोजन के पश्चात पलाश सेन के बैंड की प्रस्तुति भी होगी।

पीयूष गोयल समेत जीतन राम मांझी भी करेंगे शिरकत:

दरअसल ट्रेड शो में भारत सरकार के MSME मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल तथा प्रदेश के औद्योगिक विकास नंद गोपाल नंदी आदि कई बड़े नेता भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। 

वहीं वियतनाम के राजदूत गुयेन थान्ह भी इस समारोह में शामिल होंगे। इस बार वहां के सभी दर्शक वियतनाम की समृद्ध संस्कृति, व्यंजन तथा अद्भुत उत्पादों का भी अनुभव कर सकेंगे।

सभी प्रदेशों में बनेगी BJP की सरकार: राकेश सचान

वहीं राकेश सचान से पूछे गए एक सवाल पर उन्होंने कहा कि हरियाणा तथा जम्मू कश्मीर में BJP की सरकार बनेगी। इस बार दोनों जगहों पर कमल खिलेगा। आने वाले विधानसभा के उप चुनाव में BJP 10 में से 10 सीटें जीतेगी। 

इस बार विपक्ष का सफाया होना बिल्कुल तय है। उन्होंने BJP में नेतृत्व के मुद्दे पर भी विपक्ष पर गंभीर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि हालांकि लोकसभा चुनाव में हमारी सीटें कम हुई थीं, लेकिन अब वह समय बदल गया है।

आज BJP प्रत्येक सीट पर पहले से भी मजबूत स्थिति में है। कुछ विपक्षी दल BJP में बार-बार नेतृत्व का मुद्दा उठा रहे हैं, जबकि यहां ऐसा कोई मुद्दा ही नहीं है। केंद्र में नरेन्द्र मोदी तथा प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही पार्टी सफलता के साथ लगातार आगे बढ़ेगी।

अन्य खबरे