हरियाणा: प्रदेश के हिसार एयरपोर्ट से सीधी फ्लाइट के ज़रिए अयोध्या और दिल्ली जाना अब मुमकिन हो गया है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार से अयोध्या जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। टिकटों की बिक्री शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे शुरू हुई और अलगे दो घंटे में ही सारी सीटें फुल हो गईं। अब अगली फ्लाइट के लिए 18 अप्रैल से बुकिंग चालू होगी। फ्लाइट में कुल 70 सीटें हैं।
महज 2 घंटे में पहुंचेंगे हिसार से अयोध्या
हिसार से अयोध्या की फ्लाइट का किराया 3393 रुपये रखा गया है जबकि अयोध्या से वापस हिसार आने का किराया 3730 रुपये है। वहीं हिसार से दिल्ली के लिए सफर करने वालों को 1300 रुपये देने होंगे। हर यात्री को 15 किलो तक का सामान ले जाने की इजाजत है।
हफ्ते में दो दिन शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट्स चलाई जाएंगी। सुबह 10:40 बजे हिसार से उड़ान भरने वाला विमान दोपहर 12:40 बजे अयोध्या पहुंचेगा। वापसी में फ्लाइट 1:05 बजे अयोध्या से रवाना होकर 3:05 बजे हिसार लैंड करेगी और फिर 3:35 बजे दिल्ली के लिए उड़ जाएगी।
दिल्ली-हिसार-अयोध्या फ्लाइट शेड्यूल
दिल्ली से हिसार सुबह 9:30 बजे
हिसार पहुंचेगा - सुबह 10:15 बजे
हिसार से अयोध्या- सुबह 10:40 बजे
अयोध्या पहुंचेगा- दोपहर 12:40 बजे
अयोध्या से हिसार वापसी- दोपहर 1:05 बजे
हिसार पहुंचेगा- दोपहर बाद 3:05 बजे
हिसार से दिल्ली वापसी दोपहर बाद 3:35 बजे
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था सख्त
हिसार एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी CISF को सौंपी गई है। शुरूआत में हरियाणा पुलिस की तीसरी बटालियन के 300 जवान तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ एयरपोर्ट परिसर को जंगली जानवरों से भी मुक्त किया गया है। वन्य विभाग की टीम ने नीलगाय, गीदड़, जंगली सुअर और कुत्तों को एयरपोर्ट के एरिया से हटाकर जंगलों में छोड़ दिया है।
रात को उड़ान नहीं भरेंगी फ्लाइट्स
फिलहाल एयरपोर्ट पर रात में लैंडिंग की सुविधा नहीं है इसलिए सभी फ्लाइट्स दिन में ही ऑपरेट की जाएंगी। शाम 6:30 बजे के बाद कोई भी फ्लाइट हिसार एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भरेगी और न ही वहां लैंड करेगी।
ट्रायल रहा था सफल
28 मार्च को हिसार एयरपोर्ट पर 70 सीटर ATR विमान का सफल ट्रायल हुआ था। दिल्ली से आया विमान एयरस्पेस में चक्कर काटने के बाद रनवे पर उतरा जहां उसका वॉटर सैल्यूट के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद विमान ने वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
एयरपोर्ट की खास बातें
रोजाना उड़ेंगी 20 फ्लाइट्स
सालाना करीब 3.5 लाख यात्री कर सकेंगे सफर
प्रति घंटे 1000 यात्रियों को संभालने की सुविधा
सालाना 20 हजार मीट्रिक टन कार्गो हैंडलिंग
7200 एकड़ में फैला क्षेत्र
बोइंग 777, B787 और A330 जैसे बड़े विमान भी उड़ सकेंगे