नोएडा में जमकर हो रहे हैं एनकाउंटर, हर 3 दिन में 1 एनकाउंटर करती है नोएडा पुलिस: एनकाउंटर के डर से जनपद छोड़कर भाग रहे है अपराधी, अपराधियों में बना हैं खौफ का माहौल?
नोएडा में जमकर हो रहे हैं एनकाउंटर, हर 3 दिन में 1 एनकाउंटर करती है नोएडा पुलिस

अपराध: उत्तर प्रदेश में बुलडोजर एक्शन के बाद यदि कोई प्रशासनिक कार्यवाही सबसे अधिक चर्चा में रही है तो वो है एनकाउंटर की कार्यवाही। 

इस संबंध में अनेक विवादों के बावजूद पुलिस लगातार अपराधियों के एनकाउंटर कर रही है। इसी क्रम में अगर नोएडा का पिछले दो वर्षो का औसत देखा जाए तो हर तीसरे दिन नोएडा पुलिस एक एनकाउंटर की कार्यवाही को अंजाम दे रही हैं।

क्या कहते है आंकड़े?

➡️ नोएडा में पिछले दो वर्षों में औसतन हर तीसरे दिन पुलिस द्वारा एक एनकाउंटर किया जाता है। 

➡️ पुलिस के आंकड़ों के अनुसार मार्च 2022 के बाद से 15 सितंबर 2024 तक नोएडा पुलिस के द्वारा 327 मुठभेड़ में 938 से अधिक अपराधियों को पकड़ा गया है। इनमें से लगभग 416 को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। अधिकतर घायल अपराधियों के शरीर पर गोली के निशान है। घायलों के अलावा अन्य गिरफ्तार किए गए अपराधियों को मुठभेड़ के दौरान घेराबंदी कर पकड़ा गया है।

➡️ आंकड़ों के अनुसार गौतम बुद्ध नगर जनपद में सबसे अधिक 129 एनकाउंटर की घटनाएं नोएडा जोन में हुई है, वही सेंट्रल नोएडा में 120 और ग्रेटर नोएडा में 78 एनकाउंटर की घटनाएं सामने आई है।

➡️ एनकाउंटर की कार्यवाही के दौरान अपराधियों से 400 से अधिक हथियार बरामद किए गए हैं, वही 24 चाकू भी जब्त किए गए हैं।

➡️ गिरफ्तार किए गए अपराधियों में से ज्यादातर चोर और झपट्टामार है। नोएडा जोन में 49 से अधिक लुटेरे जख्मी अवस्था में पकड़े गए हैं, वहीं 57 को घेराबंदी कर पकड़ा गया है।

➡️ वाहन चोरी और अन्य प्रकार की चोरी के आरोप में 77 से अधिक अपराधियों को एनकाउंटर के दौरान गोली मारी गई है।

➡️ आंकड़ों के अनुसार बिसरख पुलिस थाने में सबसे अधिक गिरफ्तारियां और मुठभेड़ की घटना सामने आई है। 

बीते तीन दिनों में सात एनकाउंटर

पिछले तीन दिनों में नोएडा पुलिस के द्वारा 7 से अधिक एनकाउंटर की घटनाओं को अंजाम दिया गया है और इसमें एक दर्जन से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से आधे से अधिक घायल होने के बाद और अन्य तलाशी ऑपरेशन के दौरान गिरफ्तार किए गए हैं।

जनपद छोड़कर भाग रहे हैं अपराधी

नोएडा पुलिस के JCP शिव हरी मीणा के अनुसार लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा की गई कार्यवाही के बाद से विभिन्न माफियाओं और असामाजिक तत्वों में पुलिस कार्यवाही का डर बैठ गया है। पुलिस की सख्ती की वजह से कई अपराधी इलाका छोड़कर भाग गए हैं।

एनकाउंटर पर उठते है कई सवाल

उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा किए गए एनकाउंटर कार्रवाई पर सपा नेता अखिलेश यादव लगातार उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। विपक्ष के साथ कई पूर्व डीजीपी और आईपीएस अधिकारी भी पुलिस की कार्यशैली पर समय-समय पर सवाल उठाते रहते हैं। इनमें सुलखान सिंह और अमिताभ ठाकुर जैसे पूर्व पुलिस अधिकारियों का नाम प्रमुख रूप से शामिल है।

उल्लेखनीय है कि योगी सरकार के पहले कार्यकाल में 158 अपराधी ही पुलिस की कार्यवाही में मारे गए थे। वही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल में 25 मार्च 2022 से 15 सितंबर 2024 तक एनकाउंटर में 49 अपराधी मारे जा चुके हैं।

अन्य खबरे