UP के इस गांव में भेड़िए के बाद अब एक आदमखोर जानवर की दहशत: घात लगाकर करता है लोगों पर हमला, जानिए आखिर क्या है मामला?
UP के इस गांव में भेड़िए के बाद अब एक आदमखोर जानवर की दहशत

खूंखार और जंगली जानवर की दहशत अभी भी क्षेत्र में बरकरार है। एक गांव के बाद अब उसने स्थान परिवर्तन किया है और अब दूसरे गांव में जाकर दो लोगों पर अपना हमला किया है। दोनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार करने के लिए लाया गया।

इससे पहले दो महिलाओं पर हुआ था हमला

विदित रहे कि बहजोई थाना क्षेत्र के एक गांव श्योराजपुर की मढैया में बीते शनिवार की शाम को दो महिलाओं के साथ साथ पांच लोग जंगल से घर की तरफ लौट रहे थे। उसी वक्त एक जंगली जानवर ने दो महिलाओं पर हमला कर दिया था। जिन्हें गंभीर रूप से घायल होने पर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानवर के इस हमले के बाद रविवार को सुबह में वन विभाग की एक टीम के अलावा डीएम और एसपी भी हमले वाली जगह पर पहुंचे थे।

जानवर ने किया अपना स्थान परिवर्तित

वहीं अब बताया जा रहा है की आदमखोर जानवर ने अपने स्थान में परिवर्तन किया है और लगभग दो-तीन गांव छोड़कर क्षेत्र के ही दिलगौरा गांव में पहुंच गया है। जहां उसने सुबह 5:30 बजे अपने घर पर काम कर रही एक महीना मीना पत्नी किशनपाल पर हमला किया।
हालांकि वह मामूली रूप से ही घायल हुई है। जिसके बाद उस जानवर ने तकरीबन सुबह के लगभग 8:30 बजे अपने एक खेत में धान की फसल की सिंचाई कर रहे ऋषिपाल पुत्र बांके के दोनों पैरों पर हमला कर दिया और उनको गंभीर रूप से घायल कर दिया। फिलहाल उनका बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है।

मौके पर पहुंचकर की गई जांच पड़ताल

इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की है और बताया है की पंजे के निशान से प्रतीत हो रहा है कि यह जानवर कोई भेड़िया नहीं है। इस तरह के निशान कुत्ते या गीदड़ के होते हैं। वहीं दिलगौरा में हुए एक हमले में घायल किसान ने बताया है कि उसके ऊपर गीदड़ के द्वारा हमला किया गया है। हालांकि आपको बता दें की इस मौसम में गीदड़ और कुत्ते आंतरिक गर्मी की वजह से पागल हो जाते हैं। जिनसे बचाव बहुत ज्यादा जरूरी है। फिलहाल सभी घायलों को एंटी रेबीज लगवाया जा रहा है।